मुम्बई विश्वविद्यालय द्वारा संचालित गरवारे संस्थान के हिंदी पत्रकारिता पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने 'सोशल मीडिया' पर एक परिसंवाद का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दोपहर का सामना के मुख्य उपसंपादक अभय मिश्र ने सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक पक्षों को रखते हुए सकारात्मक पक्ष पर ज़ोर दिया। अभय मिश्र ने सोशल मीडिया के सामाजिक व व्यावसायिक पहलुओं को भी उजागर किया।
गरवारे पत्रकारिता संस्थान के समन्वयक सरोज त्रिपाठी ने सोशल मीडिया के ज़्यादा प्रयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया को वर्तमान परिस्थितियों में आवश्यक बताते हुए उसके ज़रिये रचनात्मक कार्यों की सराहना की लेकिन सोशल मीडिया के दुरूपयोग पर चिंता व्यक्त की।
गरवारे पत्रकारिता संस्थान के विज़िटिंग फ़ैकल्टी सैयद सलमान ने समाज में सोशल मीडिया की भूमिका को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने सोशल मीडिया को ग्रुप संवाद का एक बेहतर माध्यम बताया साथ ही अफवाहतंत्र के लिए सोशल मीडिया के हो रहे इस्तेमाल के प्रति विद्यार्थियों को सचेत भी किया।
सेवन न्यूज़ एंड व्यूज़ के मुंबई ब्यूरो चीफ श्रीश उपाध्याय ने पत्रकारिता और सोशल मीडिया के संबंधों और आवश्यकताओं को समझाया।
कार्यक्रम में कई पूर्व व वर्तमान छात्रों ने भी अपने विचार रखे। शिवशंकर गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन और प्रियंका दुबे ने आभार प्रदर्शन किया।